प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अवैध शराब की तस्करी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चमोली पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में जनपद पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 की रात्रि को कोतवाली चमोली पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम नन्दप्रयाग–नन्दानगर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने ऑल्टो कार संख्या UA 07 AN 9720 को रोककर चेक किया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब को कब्जे में लिया और वाहन में सवार अभियुक्त दिलबर सिंह पुत्र गोविन्द सिंह उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम कुन्तरी लगा फाली थाना नन्दानगर जनपद चमोली को गिरफ्तार कर लिया। शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार को भी सीज कर दिया गया। अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली चमोली में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सम्पूर्णानन्द जुयाल चौकी प्रभारी नन्दप्रयाग कांस्टेबल सलमान खान एसओजी तथा कांस्टेबल रविकान्त आर्य एसओजी शामिल रहे।
