Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 68 समस्याएं और शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 32 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों से संबंधित समस्याएं दर्ज कराई गईं। शिकायतकर्ता सुरजीत सिंह निवासी ग्राम बंजारेवाला ग्रंट ने गंभीर रूप से बीमार पत्नी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। आलम मीर निवासी ग्राम जैनपुर मुबारिकपुर लक्सर ने काफी समय पहले राशन कार्ड के लिए आवेदन करने की जानकारी देते हुए जल्द राशन कार्ड बनवाने का अनुरोध किया। बृजानन्द शर्मा निवासी सीतापुर ने मतदाता पहचान पत्र को अपडेट कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। सूरज कुमार पुत्र धर्मपाल सिंह ने अपनी कृषि भूमि जिसका खाता 00041 खसरा 23 तथा रकबा 0.0970 हेक्टेयर है और कुल भाग 0.0970 हैक्टेयर है, में मौके पर भूमि कम होने की शिकायत करते हुए पैमाइश कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि यह भूमि सजनपुर पीली में स्थित है। देवनगर के समस्त निवासियों ने वार्ड 12 में मकान जे-1 से देवनगर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले करीब 250 मीटर लंबे मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की। सुरेंद्र सैनी ने जनपद हरिद्वार में डेंगू और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मरीजों को देखते हुए इनकी रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया। रुहेला ने रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन दोबारा दिलाए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही सभी समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण किया जाना है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का भी गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज समस्याओं की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन में एल-1 स्तर पर 290 शिकायतें तथा एल-2 स्तर पर 84 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत डीपीआरओ मुस्तफा खां अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *