प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे द्वारा 22 सितंबर 2026 को फायर स्टेशन नरेंद्रनगर में अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ पदोन्नति के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद से अग्निशमन अधिकारी के पद पर पदोन्नत हुए देवेंद्र सिंह चौहान के कंधों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा पदोन्नति के प्रतीक स्वरूप स्टार सुशोभित किए गए। एसएसपी ने देवेंद्र सिंह चौहान को पदोन्नति की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पदोन्नति किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की कार्यकुशलता कर्तव्यनिष्ठा एवं विभाग के प्रति समर्पण का सम्मान है। अग्निशमन विभाग का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण है जिसमें आपदा आगजनी एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आमजन के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने पदोन्नत अधिकारी को नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा अनुशासन संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। देवेंद्र सिंह चौहान ने पदोन्नति पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए विभाग द्वारा सौंपे जाने वाले दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया। पदोन्नति के अवसर पर उपस्थित पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी देवेंद्र सिंह चौहान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। टिहरी पुलिस परिवार की ओर से भी उन्हें पदोन्नति की बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
