प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों के क्रम में 22 सितंबर 2026 को साइबर सेल श्रीनगर एवं महिला थाना श्रीनगर की टीम द्वारा राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान श्रीनगर में साइबर जागरूकता महिला सुरक्षा एवं नवीन आपराधिक कानूनों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को फेसबुक इंस्टाग्राम एक्स ट्विटर व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें वर्तमान समय में प्रचलित साइबर अपराधों के नए तरीकों जैसे बैंकिंग फ्रॉड ऑनलाइन ठगी डिजिटल अरेस्ट फर्जी लिंक फेक प्रोफाइल साइबर ब्लैकमेलिंग ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को ऐसे अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीम ने सोशल मीडिया का समझदारी से इस्तेमाल करने तथा साइबर अपराधियों को किसी भी प्रकार का मौका न देने के लिए जागरूक किया। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के संबंध में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, डायल 112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यमों से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।
