प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को तहसील चाकीसैंण के अंतर्गत राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास में आधार एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाएं तथा दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई गई। माह सितंबर के प्रथम मंगलवार को तहसील चाकीसैंण के राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर आधार एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। जिलाधिकारी ने मांग का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। शिविर में स्वास्थ्य समाज कल्याण एवं राजस्व विभाग की टीमों ने समन्वय से ग्रामीणों को सेवाएं उपलब्ध कराईं। दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए कुल 81 व्यक्तियों का पंजीकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद 55 पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं 26 व्यक्ति दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए पात्र नहीं पाए गए। इनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार के लिए औषधियां भी उपलब्ध कराई गईं। इसी क्रम में आधार संबंधी सेवाओं के लिए 22 व्यक्तियों का पंजीकरण किया गया और सभी 22 व्यक्तियों के आधार संबंधी प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए। इस प्रकार शिविर के माध्यम से कुल 103 लोगों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिला। शिविर के माध्यम से क्षेत्र में ही आधार एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा मिलने पर ग्रामीणों और दिव्यांगजनों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से दूर-दराज के क्षेत्रों से जिला मुख्यालय आने-जाने की परेशानी से राहत मिली है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि जनहित से जुड़ी सेवाओं को ग्रामीणों के नजदीक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। तहसील दिवस में प्राप्त मांग के आधार पर बनास में शिविर आयोजित किया गया जिससे ग्रामीणों और दिव्यांगजनों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनसुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के प्रयास जारी रहेंगे।
