Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने माणा से इनर लाइन परमिट क्षेत्र माणा पास तक स्थलीय भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान एसपी चमोली ने सीमांत क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों में लगी सीमा सड़क संगठन बीआरओ एवं विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर निर्माण कार्यों की प्रगति कार्यस्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा कार्यों के दौरान आ रही समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बीआरओ के ओआईसी मदन कुमार से भी निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं कार्य में आ रही चुनौतियों को लेकर चर्चा की गई। एसपी चमोली ने सड़क निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों एवं श्रमिकों के सत्यापन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। सीमांत क्षेत्र में लागू इनर लाइन परमिट व्यवस्था एवं सत्यापन से संबंधित नियमानुसार विधिक प्रावधानों के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर स्थानीय पुलिस एवं सेना के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। सीमांत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं आपसी समन्वय को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी चमोली ने वहां तैनात सेना आईटीबीपी और बीआरओ के अधिकारियों एवं जवानों से भी मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में संचालित गतिविधियों आपसी सहयोग तथा आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे के साथ समन्वय स्थापित करने के संबंध में चर्चा की गई। भ्रमण के दौरान देवताल क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही के दृष्टिगत भी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सीमांत क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों एवं पर्यटकों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं समन्वय से जुड़े पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की गई। इसके साथ ही भविष्य में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत संभावित भ्रमण मार्ग एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। साथ ही देवताल में स्थित वीरेश्वर महादेव के दर्शन किए गए तथा क्षेत्र की धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों के संबंध में स्थानीय स्तर पर जानकारी प्राप्त की गई। एसपी चमोली ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के साथ संवाद करते हुए सीमांत क्षेत्र में संचालित कार्यों के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में समय पर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान निरीक्षक विनोद थपलिपाल उपनिरीक्षक नरेन्द्र पुरी उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *