प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जागतोली में आयोजित पांच दिवसीय नंदा अष्टमी जागतोली-दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम से पूर्व कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज दशज्यूला परिसर में स्थापित शहीद सुनीलदत्त काण्डपाल शहीद वीपी पुरोहित शहीद राइफलमैन पूरण सिंह नेगी एवं शहीद नायक धीर सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मेला समिति के अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा मेले के आयोजन के लिए सरकार से आर्थिक सहयोग की अपेक्षा रखी। समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मेला समिति एवं क्षेत्रीय जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के ध्वजवाहक हैं। ये हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही समाज को आपसी भाईचारे और एकजुटता के सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। स्थानीय स्तर पर ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की लोक संस्कृति को संरक्षण मिलता है और स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-4 के तहत जनपद में 100 से अधिक सड़कों को स्वीकृति मिली है। सरकार का प्रयास है कि जनपद के गांवों और तोकों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ा जाए जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही विकास को भी गति मिले। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कोठगी में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यहां कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आह्वान किया ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बन सकें। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मेला समिति को आयोजन के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले महिला मंगल दलों को सम्मानित किया। महोत्सव के समापन अवसर पर प्रसिद्ध लोक गायक दर्शन फर्स्वाण ने मां नंदा के भजनों एवं लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमे और पूरा मेला परिसर उत्साह एवं उमंग से सराबोर हो गया। इस अवसर पर सरकार में दायित्वधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश भट्ट कनिष्ठ प्रमुख अगस्त्यमुनि सविता भंडारी समाजसेवी नीलकंठ भट्ट मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह तहसीलदार जगदीश नेगी मेला सचिव कालिका काण्डपाल प्रधान संगठन जिला महामंत्री राकेश मोहन बिष्ट भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्तवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मेला समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
