प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग के समस्त आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आयुर्वेद जागरूकता कार्यक्रम स्वास्थ्य शिविर प्रकृति परीक्षण योग एवं जीवनशैली परामर्श औषधीय पौधारोपण के साथ ही स्वच्छता एवं सफाई अभियान संचालित किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित कार्यक्रम में संगोष्ठी एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.आरएस पाल जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ.दीपा तिलारा सहित कार्यालय एवं जिला चिकित्सालय के आयुष विंग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर आयुष विंग जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के चिकित्साधिकारी डॉ.राहुल कुमार वैद्य द्वारा आर्मी मेडिकल कोर में आयोजित संगोष्ठी में प्रतिभाग किया गया। उन्होंने संगोष्ठी में आयुर्वेद के महत्व स्वस्थ जीवनशैली एवं दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने स्वस्थ जीवन के लिए योग एवं प्रकृति परीक्षण अपनाने तथा औषधीय पौधों के संरक्षण एवं उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
