प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय आयुर्वेदिक दिवस के अवसर पर बुधवार को जनपद के विभिन्न आयुर्वेदिक अस्पतालों एवं आयुष केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां भी वितरित की गईं। विभिन्न विद्यालयों एवं अस्पतालों में योगाभ्यास कराते हुए स्वस्थ रहने का संदेश भी दिया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि आयुर्वेदिक दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त आयुर्वेदिक अस्पतालों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद की उपयोगिता से अवगत कराने के साथ ही स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। उन्होंने बताया कि लोगों को संतुलित आहार नियमित दिनचर्या योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में 652 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। शिविरों में पहुंचे लोगों ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। इस दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति औषधियों के उपयोग तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रमों के दौरान लोगों को खान-पान में संतुलन रखने दैनिक दिनचर्या को व्यवस्थित बनाने और नियमित योग एवं व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
