Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए 25 सितंबर 2026 से सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न विकासखंडों में न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के निर्णयों नीतियों एवं उपलब्धियों तथा विकसित भारत-2047 की संकल्पना के अनुरूप आमजन को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करना और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार विभिन्न विकासखंडों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 एवं 26 सितंबर 2026 को विकासखंड थौलधार के सभागार कक्ष में शिविर आयोजित किया जाएगा। 27 एवं 28 सितंबर को विकासखंड जौनपुर मुख्यालय सभागार में 29 एवं 30 सितंबर को विकासखंड कीर्तिनगर के राजकीय इंटर कॉलेज आछरी खूंट में 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को भिलंगना विकासखंड मुख्यालय सभागार में 1 एवं 2 अक्टूबर को विकासखंड चम्बा के सुनार गांव में 3 एवं 4 अक्टूबर को विकासखंड जाखणीधार के राजकीय महाविद्यालय पोखाल में 4 एवं 5 अक्टूबर को विकासखंड प्रतापनगर के राजकीय इंटर कॉलेज लम्बगांव में 5 एवं 6 अक्टूबर को विकासखंड देवप्रयाग के राजकीय इंटर कॉलेज हिन्डोलाखाल में तथा 6 एवं 7 अक्टूबर को विकासखंड नरेंद्रनगर के राजकीय पॉलीटेक्निक गजा में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक शिविर स्थानीय विधायकों मंत्री एवं जिला स्तरीय उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। शासन के निर्देशानुसार 25 सितंबर 2026 से आयोजित होने वाले शिविरों के प्रथम दिवस बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर में मुख्य रूप से 23 विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें राजस्व ग्राम्य विकास पंचायती राज कृषि एवं कृषक कल्याण समाज कल्याण सैनिक कल्याण महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गृह श्रम चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आयुष पशुपालन डेयरी एवं मत्स्य ऊर्जा सहकारिता लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई शिक्षा पेयजल सिंचाई वन कौशल विकास एवं सेवायोजन आपदा प्रबंधन तथा बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों से संबंधित विभाग शामिल हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने शिविरों के बैनर डिजाइन उपलब्ध कराने तथा कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। सभी उपजिलाधिकारियों तहसीलदारों एवं समस्त खंड विकास अधिकारियों को शिविर से तीन दिन पूर्व प्रत्येक संबंधित ग्राम पंचायत में कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों की समस्त व्यवस्थाओं के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही प्रत्येक शिविर की प्रगति संबंधी सूचनाओं का निर्धारित प्रारूप में संकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *