प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में विकासखंड ऊखीमठ के ग्राम पंचायत स्यासु में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र रुद्रप्रयाग महेश प्रकाश ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क संबंधी समस्याओं के साथ ही बंदरों एवं जंगली सूअरों द्वारा कृषि भूमि एवं फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान की शिकायतें प्रमुखता से रखीं। ग्रामीणों ने अपनी अन्य समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए समयबद्ध रूप से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महेश प्रकाश ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही ग्रामीणों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
