Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। डिग्री कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में आयोजित छात्र संघ चुनावों को शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस चुनाव प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रख रही है। इसी क्रम में डॉ.पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार तथा राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में छात्र संघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दृष्टिगत अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर द्वारा नियुक्त पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफ किया गया। ब्रीफिंग के दौरान चुनाव प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। महाविद्यालय परिसरों प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस टीमों द्वारा निरंतर गश्त एवं निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों छात्र-छात्राओं एवं अन्य व्यक्तियों की आवाजाही पर भी पुलिस द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं रिजर्व बल की भी तैनाती की जाएगी। पौड़ी पुलिस के अनुसार नामांकन प्रक्रिया से लेकर चुनाव संपन्न होने तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बनाए रखे जाएंगे। छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसे सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। चुनाव की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग अराजकता मारपीट अभद्र व्यवहार जबरन भीड़ एकत्र करना धमकी देना शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करना अथवा अन्य किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *