प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरुस्त करने का अभियान शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पीएमजीएसवाई सहित संबंधित विभागों के सभी खंडों की टीमें फील्ड में उतरकर सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्य में जुट गई हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों एवं गड्ढों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। जहां पैचवर्क की आवश्यकता है वहां तत्काल कार्य किया जा रहा है जबकि अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों को आवश्यकतानुसार दुरुस्त किया जा रहा है। संबंधित विभागों की ओर से फील्ड स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सड़क मरम्मत कार्यों में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय जनपद पौड़ी में सड़कें आमजन की दैनिक आवाजाही के साथ शिक्षा स्वास्थ्य बाजार पर्यटन और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त करने के लिए सभी संबंधित विभागों की ओर से अभियान को गति दी गई है। आने वाले दिनों में मरम्मत कार्यों में और तेजी लाते हुए लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
