Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रिक्त सीटों के सापेक्ष मेरिट के आधार पर प्रवेश के लिए पंजीकरण पोर्टल पुनः खोल दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी परिपत्र के अनुसार, प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए समर्थ प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य किया गया है। विश्वविद्यालय के परिसरों तथा संबद्ध संस्थानों एवं महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि बीपीएड बीएड एलएलबी और बीए-एलएलबी को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। इसी प्रकार स्नातकोत्तर स्तर पर एमपीएड एमएड और एलएलएम पाठ्यक्रमों को छोड़कर अन्य कार्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पंजीकरण किया जा सकता है। पंजीकरण पोर्टल 23 सितंबर 2026 को शाम छह बजे से 25 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे तक खुला रहेगा। स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए पंजीकरण समर्थ पोर्टल पर किया जा सकता है। वहीं बीटेक कार्यक्रमों के लिए सीयूईटी-यूजी 2026 में भौतिकी रसायन विज्ञान एवं गणित विषयों में प्राप्त अंकों के आधार पर अलग समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 28 सितंबर 2026 प्रवेश की अंतिम तिथि होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित शुल्क जमा करने सहित प्रवेश प्रक्रिया इस तिथि तक पूरी करनी होगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि पंजीकरण शुल्क जमा करने से पहले संबंधित पाठ्यक्रम और अपनी श्रेणी में सीटों की उपलब्धता की जानकारी संबंधित परिसर निदेशक स्कूल के डीन विभागाध्यक्ष अथवा संबद्ध महाविद्यालय के प्राचार्य से प्राप्त कर लें। प्रवेश संबंधित श्रेणी एवं कार्यक्रम में सीटों की उपलब्धता के अधीन होगा। स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए अभ्यर्थी https://hnbguadm.samarth.edu.in/2026/ पर पंजीकरण कर सकते हैं। बीटेक कार्यक्रमों के लिए https://hnbgucuet.samarth.edu.in/ के माध्यम से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया में विद्यार्थियों की सहायता के लिए विभिन्न परिसरों में कार्यक्रमवार हेल्प डेस्क भी गठित किए हैं। अभ्यर्थी प्रवेश काउंसलिंग दस्तावेज सत्यापन पात्रता शुल्क भुगतान तथा अन्य प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए संबंधित कार्यक्रम के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *