प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग में शुक्रवार को नव नियुक्त उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी जनपद उत्तरकाशी ने कार्यभार ग्रहण किया। आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने उन्हें विधिवत रूप से पद एवं गोपनीयता की जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्यभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने नव नियुक्त उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव एवं सक्रिय सहभागिता से आयोग के कार्यों को और अधिक प्रभावी गति मिलेगी तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में आयोग को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर आयोग के सचिव गोरधन सिंह आयोग के कार्मिक मोहित गोपाल बच्चन सिंह पुंडीर कुलदीप कुमार गोनियाल जिलाध्यक्ष भाजपा नागेन्द्र चौहान पूर्व ब्लॉक प्रमुख असरफी भण्डारी सुमेर चन्द रमोला मनवीर चन्द रमोला कैलाश चन्द गुंसाई एवं जय भारत सिंह उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी ने कार्यभार ग्रहण करते हुए आयोग के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों से संबंधित विषयों के प्रभावी निराकरण के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
