प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर निर्माण एवं अवस्थापना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भूपतवाला वेद निकेतन घाट खड़खड़ी पुल और बैरागी कैंप क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। भूपतवाला में मंडलायुक्त ने पावन धाम पंपिंग पेयजल योजना के पुनर्गठन कार्य का निरीक्षण किया। जल संस्थान के अभियंताओं ने बताया कि 1.52 करोड़ रुपये की लागत से योजना के पुनर्गठन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। योजना के तहत बोरिंग पंप हाउस की स्थापना और पाइपलाइन बिछाने सहित विभिन्न कार्य किए गए हैं। मंडलायुक्त ने योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कुंभ के दौरान निर्बाध एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने वेद निकेतन घाट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 1.09 करोड़ रुपये की लागत से वेद निकेतन घाट का निर्माण कराया जा रहा है। घाट की लंबाई 72 मीटर होगी। खड़खड़ी पुल के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने पुल से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने श्री अटल बिहारी वाजपेयी अतिथि गृह में चल रहे अनुरक्षण एवं पुनरुद्धार कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैरागी कैंप में मंडलायुक्त ने मेला शिविरों एवं अखाड़ों के लिए प्रस्तावित भूमि की ड्रेसिंग एवं लेवलिंग कार्य का जायजा लिया। उन्होंने भूमि को शिविर स्थापना के लिए निर्धारित समय में तैयार करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि शिविरों के लिए भूमि आवंटन से पहले संबंधित क्षेत्रों में सड़क विद्युत पेयजल तथा अन्य आवश्यक अस्थायी व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य पूरे कर लिए जाएं ताकि शिविरों की स्थापना के समय किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने बैरागी कैंप के साथ सती कैंप दक्षद्वीप एवं गौरीशंकर क्षेत्र में सेक्टर प्लान और अस्थायी कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्रवार कार्यों की नियमित समीक्षा और निगरानी करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
