प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत जनपद हरिद्वार में विद्युत बसों के संचालन को लेकर शुक्रवार को सीसीआर भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की। बैठक में प्रस्तावित मार्गों मार्गवार बसों की तैनाती तथा संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम-ई-बस सेवा के अंतर्गत हरिद्वार को 37 विद्युत बसें आवंटित हैं। ये बसें नौ मीटर लंबी 30 सीटर एवं वातानुकूलित होंगी। स्मार्ट सिटी मॉडल के अनुरूप नगर के लगभग 15 किलोमीटर मुख्य क्षेत्र में सर्कुलर बस सेवा संचालित की जाएगी। पूरी योजना एक सर्कुलर मार्ग तथा सात फीडर मार्गों पर आधारित है जिससे नगर के मुख्य क्षेत्र औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख तीर्थ मार्गों को एक ही नेटवर्क से जोड़ा जा सके। प्रस्तावित सर्कुलर मार्ग हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल चंद्राचार्य चौक भगत सिंह चौक बीएचईएल सेक्टर-2 बैरियर ज्वालापुर दुर्गा चौक शंकराचार्य चौक सिंहद्वार डामकोठी एवं तुलसी चौक होते हुए पुनः रेलवे स्टेशन तक रहेगा। फीडर मार्गों के माध्यम से रोशनाबाद पेंटागन मॉल शिवालिक नगर बीएचईएल सेक्टर-2 पतंजलि जटवाड़ा पुल दुर्गा चौक ज्वालापुर बहादराबाद लक्सर रोड पर धनपुरा जगजीतपुर सिंहद्वार शांतिकुंज तथा लालढांग क्षेत्र को इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। प्रस्तावित मार्ग एवं बस स्टॉप परिवहन अधिकारियों के संयुक्त क्षेत्र सर्वेक्षण के आधार पर तय किए गए हैं। बैठक में बताया गया कि शुरुआती चरण में सर्कुलर मार्ग तथा रोशनाबाद बहादराबाद और पतंजलि गलियारों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि इन मार्गों पर बसों के बीच प्रतीक्षा समय लगभग दस मिनट के आसपास रखा जा सके। शेष प्रस्तावित मार्गों पर उपलब्ध बसों के अनुसार संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित मार्गों पर बस स्टॉप भी तैयार किए जाएंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रस्तावित मार्गों में संशोधन करते हुए कनखल चौक पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी ई-बस नेटवर्क में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों को भी नेटवर्क से जोड़ने से यहां रहने वाले लोगों को विद्युत बस सेवा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने ई-बस संचालन के साथ चार्जिंग व्यवस्था एवं डिपो से संबंधित कार्यों को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती एआरटीओ प्रशासन नेहा झा एआरटीओ रुड़की जितेंद्र चंद्र प्रभारी निरीक्षक यातायात संदीप नेगी उपनिरीक्षक यातायात मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
