प्रदीप कुमार
मंगलौर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद हरिद्वार में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पिछले काफी समय से जनपद हरिद्वार एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर में कुमराड़ी निवासी इनाम की ओर से अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों एवं संभावित मार्गों के करीब 171 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा पूर्व में वाहन चोरी में संलिप्त रहे लोगों का सत्यापन किया गया। 24 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वाहन चोरी के मामले में आरोपी मोनू उर्फ मन्नू पुत्र जयपाल उम्र 20 वर्ष निवासी ढंढेरा फाटक थाना कोतवाली रुड़की हरिद्वार को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने पूछताछ एवं आरोपियों की निशानदेही के आधार पर अलग-अलग स्थानों से कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद मोटरसाइकिलों में यूके 17क्यू 1626 स्प्लेंडर एमबीएलएचए10ईजे9एचजे30431 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमबीएलएचए10ईजे99डी03570 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमबीएलएचएडब्ल्यू11एक्सएनएचबी66936 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमबीएलएचए10एएससी9सी10152 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एचए10एजीजेएचसीसी0217 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चैसिस नंबर 04एम15ई23165 वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चैसिस नंबर 99एल17ई00680 वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में हरिद्वार एवं उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित वाहन भी शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा बरामद वाहनों से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट अपर उपनिरीक्षक श्यामबाबू कांस्टेबल विनोद होमगार्ड विजय कुमार तथा पीआरडी जितेंद्र शामिल रहे।
मंगलौर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी और बाल अपचारी को हिरासत में लिया आठ मोटरसाइकिल बरामद
