Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लेने अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में कुंभ मेला 2027 की प्रारंभिक पुलिस तैयारियों एवं प्रचलित निर्माण कार्यों को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अब तक की गई तैयारियों और निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ.योगेंद्र सिंह रावत पुलिस मुख्यालय एवं पीएम बरिंदरजीत सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती पुलिस अधीक्षक यातायात एवं अपराध हरिद्वार निशा यादव पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देहरादून जया बलूनी अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार उपसेनानायक एसडीआरएफ शुभांक रतुड़ी सीएफओ कुंभ एवं हरिद्वार वंश बहादुर यादव मंडलाधिकारी कुंभ एवं हरिद्वार संतोष बगड़वाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सर्वप्रथम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला हरिद्वार आयुष अग्रवाल ने निर्माण कार्यों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों एवं भविष्य की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने कुंभ मेला 2027 में पुलिस विभाग से संबंधित बड़े एवं छोटे निर्माण कार्यों तथा अनुरक्षण के तहत किए जाने वाले कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रचलित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन एवं उनमें लगाए जाने वाले उपकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही कुंभ मेले के दौरान स्थापित होने वाली पुलिस लाइन यातायात पुलिस लाइन जीआरपी लाइन तथा कुंभ मेले के अस्थायी थानों एवं चौकियों की तैयारियों की जानकारी ली गई। कुंभ कोर क्षेत्र में स्थापित होने वाले होल्डिंग एवं पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण तथा भूमि अधिग्रहण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एडीजी ने सभी प्रचलित एवं निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। कुंभ मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा के लिए तैयार की गई आपात योजना की भी समीक्षा की गई। अग्निशमन एवं भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता अतिरिक्त आवश्यकता तथा उपकरणों की खरीद से संबंधित प्रक्रिया का जायजा लिया गया। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों ड्रोन की उपलब्धता और उन्हें लगाए जाने के लिए चयनित स्थानों की जानकारी ली गई। बैठक में वर्तमान में उपलब्ध वाहनों तथा अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता अब तक अवमुक्त किए गए बजट की स्थिति और अतिरिक्त बजट की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। कुंभ मेले में नियुक्त किए जाने वाले कार्मिकों की उपलब्धता एवं अतिरिक्त आवश्यकता के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला तथा उपस्थित अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में स्नान पर्वों के दौरान आवश्यकता के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कुंभ मेले के प्रत्येक स्नान पर्व को महत्वपूर्ण मानते हुए पहले से स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखी जाए ताकि मेले के दौरान सुरक्षा यातायात भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। समीक्षा के दौरान कुंभ मेला 2027 की तैयारियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *