प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के दिशा-निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में 25 सितंबर 2026 को ब्लॉक चंबा स्थित श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में आपदा प्रबंधन खोज एवं बचाव प्राथमिक उपचार तथा भू-देव ऐप डाउनलोड कार्यक्रम के तहत आपदा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा से पूर्व आपदा के समय और आपदा के बाद की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं तथा उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही खोज एवं बचाव कार्य में उपयोग किए जाने वाले बुनियादी उपकरणों की जानकारी दी गई तथा आपातकालीन टोल फ्री नंबरों के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर देने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने की तकनीक समझाई गई। स्थानीय संसाधनों की मदद से स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायलों को सुरक्षित तरीके से ले जाने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बाढ़ या जलभराव भूकंप घरेलू आग और जंगल की आग जैसी आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसके बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को भू-देव ऐप के बारे में जानकारी देते हुए इसे डाउनलोड करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं विश्वविद्यालय के स्टाफ सहित विश्वविद्यालय के डिप्टी कंट्रोलर डॉ.हेमंत बिष्ट मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 80 महिला एवं पुरुष कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
