प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में टीबी की जांच के लिए गांव-गांव एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप लगाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस सप्ताह आयोजित स्क्रीनिंग कैंप में 384 लोगों की एक्स-रे जांच की गई। जांच के दौरान टीबी के लक्षण पाए जाने पर 34 लोगों के बलगम के नमूने भी लिए गए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में इस सप्ताह जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए गए। जगतोली में 157 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई तथा 21 लोगों के बलगम जांच के लिए नमूने लिए गए। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम भौंसाल में दो दिवसीय कैंप में 63 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई और पांच लोगों के बलगम नमूने लिए गए। इसी तरह डोभा में आयोजित कैंप में 27 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग तथा दो लोगों के बलगम जांच के लिए नमूने लिए गए। जखोली ब्लॉक के त्यूंखर में 55 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई और दो लोगों के बलगम नमूने लिए गए। शुक्रवार को अगस्त्यमुनि ब्लॉक के रूमसी व जखोली ब्लॉक के त्यूंखर में दूसरे दिन टीबी स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। रूमसी में 30 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई और तीन लोगों के बलगम जांच के नमूने लिए गए। वहीं त्यूंखर में दूसरे दिन 52 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग की गई और बलगम जांच का एक नमूना लिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारूल गोयल ने बताया कि 26 से 30 सितंबर तक टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप का रोस्टर निर्धारित किया गया है। इसके तहत अगस्त्यमुनि ब्लॉक की एनटीईपी टीम द्वारा 26 सितंबर को चमेली, 28 सितंबर को अमोठा, 29 सितंबर को लोली और 30 सितंबर को पाबौ में टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप लगाया जाएगा। वहीं जखोली ब्लॉक की एनटीईपी टीम द्वारा 26 सितंबर को कोटी महरगांवा में कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले कैंप में पहुंचकर टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कराने की अपील की है ताकि समय पर टीबी की पहचान कर आवश्यक जांच एवं उपचार की प्रक्रिया शुरू की जा सके। अगस्त्यमुनि ब्लॉक की टीम में सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर हरीश चौधरी डीपीएस सुनील राणा एसटीएस सुमन रावत तथा जखोली टीम में एसटीएस मुकेश जोशी एक्स-रे टेक्नीशियन नितिन आदि शामिल रहे।
