प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र रुद्रप्रयाग आरसेटी तथा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के संयुक्त तत्वावधान में आरसेटी परिसर रैंतोली में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 40 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक महेश प्रकाश ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को राज्य सरकार द्वारा उद्योग विभाग के माध्यम से संचालित विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। युवाओं को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों और योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एमएसएमई नीति सहित अन्य योजनाओं के लाभ आवेदन प्रक्रिया एवं वित्तीय सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई।
