Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशों के क्रम में जनपद में पुलिस टीमों द्वारा साइबर सुरक्षा महिला सुरक्षा एवं नशा मुक्त अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना पैठाणी पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज हिवालीधार तथा थाना सतपुली पुलिस द्वारा नवोदय विद्यालय खैरासैंड में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदाराना उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी ओटीपी पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करने की अपील की गई। विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड फर्जी कॉल साइबर ब्लैकमेलिंग एवं डिजिटल ठगी के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने साइबर अपराधियों से बचाव के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। इसके अतिरिक्त बाल अपराध एवं बाल सुरक्षा के विषय में बच्चों को उनके अधिकारों गुड टच-बैड टच बाल संरक्षण बाल श्रम बाल विवाह तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया। महिला सुरक्षा के संबंध में छात्राओं को महिलाओं के कानूनी अधिकारों साइबर उत्पीड़न छेड़छाड़ एवं अन्य अपराधों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर हेल्पलाइन 1930 आपातकालीन सेवा 112 महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *