प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में फायर यूनिट श्रीनगर द्वारा राजकीय संयुक्त उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर का फायर ऑडिट एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में स्थापित प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं आपातकालीन निकास मार्गों का परीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद उपस्थित चिकित्सालय कर्मियों एवं स्टाफ को अग्निशमन उपकरणों की जानकारी देते हुए उनके सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के अग्निशमन उपकरणों तथा आग की प्रकृति के अनुसार उनके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। अस्पताल कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय भी बताए गए ताकि आग लगने जैसी स्थिति में अग्निशमन उपकरणों का सुरक्षित और सही तरीके से उपयोग किया जा सके तथा समय रहते आवश्यक बचाव एवं सुरक्षा उपाय किए जा सकें।
