प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक जनपद में आयोजित हो रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा जिला सेवायोजन कार्यालय, चमोली की ओर से शुक्रवार को जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों एवं संस्थानों ने प्रतिभाग कर जनपद के स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। रोजगार मेले में कैम्प 108 देहरादून टाटा स्ट्राइव स्किल डेवलपमेंट सेंटर गोपेश्वर एसआईएस देहरादून एवं स्काईविंग्स प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न नियोजक संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। कैम्प 108 देहरादून द्वारा ईएमटी ईडीओ एवं पायलट पदों टाटा स्ट्राइव स्किल डेवलपमेंट सेंटर गोपेश्वर द्वारा हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में ट्रेनी एसआईएस देहरादून द्वारा सिक्योरिटी एवं सुपरवाइजर तथा स्काईविंग्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। रोजगार मेले में कुल 56 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग किया जिसमें से 21 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को सीधे नियोजकों से संवाद करने अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने तथा रोजगार प्रक्रिया में प्रतिभाग करने का अवसर मिला। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी अर्चना सजवाण ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में रोजगार मेलों का आयोजन कर स्थानीय युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं और नियोजक संस्थानों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होता है जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलता है।
