प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। थराली विकासखंड के कुलसारी में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया। शिविर में 293 लोगों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई करते हुए दर्ज पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए 98 आवेदन पत्र भरवाए गए ताकि पात्र ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं स्वरोजगार सामाजिक सुरक्षा कृषि उद्यान स्वास्थ्य महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई। अभियान के तहत 28 सितंबर 2026 को कर्णप्रयाग के ट्रामा सेंटर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा प्रधान संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ग्राम प्रधान अनीता भंडारी खंड विकास अधिकारी नितिन धनिया जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल सहित क्षेत्रीय ग्रामीण ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
