प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की ओर से सोमवार को खाद्य कारोबारकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन गढ़वाल मंडल राजेन्द्र सिंह रावत ने की। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए कुट्टू के आटे के विनिर्माण भंडारण विक्रय पैकेजिंग आदि के संबंध में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों और दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। विगत वर्षों में नवरात्रि पर्व के दौरान कुट्टू के आटे के सेवन से होने वाली फूड प्वाइजनिंग की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए खाद्य कारोबारकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कारोबारकर्ताओं को कुट्टू का आटा केवल पैक्ड रूप में बेचने बिल या बीजक अनिवार्य रूप से रखने तथा खुला कुट्टू का आटा विक्रय नहीं करने के लिए कहा गया। कार्यशाला में केवल मानक के अनुरूप और शुद्ध कुट्टू का आटा बेचने तथा कालातीत यानी एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यशाला में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की ओर से सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा दिलीप कुमार जैन योगेन्द्र पाण्डे आदि उपस्थित रहे। वहीं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों में सुरेन्द्र अनेजा सुनील अरोड़ा विपिन कुमार गुप्ता विक्की तनेजा सुमित अग्रवाल दीपक गोयल आदि उपस्थित रहे।
