प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रीनगर क्षेत्र के अपर बाजार स्थित बाल विकास परियोजना एवं आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन का उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ आत्मीय संवाद के साथ उनके स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े विषयों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान से जुड़े गणेश भट्ट ने प्रतिभाग किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत नन्हे बच्चों से बातचीत की और उनके साथ समय बिताया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ अपनी बातें साझा कीं। इस दौरान बच्चों की मासूमियत उत्साह और सीखने की ललक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। अपर बाजार स्थित यह आंगनबाड़ी केंद्र श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केंद्रों में बच्चों की संख्या की दृष्टि से प्रमुख केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा की प्रारंभिक सीढ़ियां चढ़ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की गतिविधियों और उनके उत्साह को देखते हुए कहा गया कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान खिर्सू ब्लॉक के स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी। इससे कार्यक्रम में शिक्षा के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को भी प्रमुखता मिली। इस अवसर पर गणेश भट्ट ने कहा कि बच्चों के बीच समय बिताना और उनकी मासूम बातों को सुनना आत्मीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान और सीखने की जिज्ञासा समाज के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा संस्कार और विकास का वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक गणेश भट्ट ने बताया कि आंगन का उत्सव कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पूरे होने तक आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया जाएगा। साथ ही 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पौड़ी जिले के श्रीनगर मंडल में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के समापन अवसर पर रामलीला मैदान में गढ़भोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे पहले रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जनता के बीच अपना संबोधन रखेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नगर निगम कार्यालय में मेयर आरती भंडारी मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल कार्यक्रम के मंडल संयोजक लखपत भंडारी और समस्त वार्ड पार्षदों के साथ सामूहिक बैठक आयोजित की गई। आंगन का उत्सव कार्यक्रम में आंगनबाड़ी की मुख्य शिक्षिका हेमा जैन कर्मचारीगण स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों तथा अन्य संबंधित लोगों ने सहभागिता की।
आंगन का उत्सव कार्यक्रम में बच्चों की मुस्कान ने बिखेरी खुशियां चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
