Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन विशेषकर छात्र-छात्राओं को आपातकालीन सेवाओं साइबर अपराधों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पुलिस टीम द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बेलनी रुद्रप्रयाग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को एकल आपातकालीन नंबर 112 के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना मेडिकल इमरजेंसी मारपीट विवाद असुरक्षा अथवा अन्य किसी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही 112 इंडिया ऐप एवं इसमें उपलब्ध पैनिक और एसओएस सुविधा के संबंध में जानकारी देते हुए विषम परिस्थितियों में इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि 112 पर प्राप्त सूचना के आधार पर संबंधित क्षेत्र की पुलिस टीम को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया जाता है। साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत उपस्थित छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने ऑनलाइन गेमिंग में फ्री डायमंड्स और स्किन्स के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक अनजान गेमर्स द्वारा फोटो अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त करने के प्रयास, डिजिटल अरेस्ट एवं साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में जागरूक किया। साथ ही जीआरएम और एमआरएम पोर्टल आदि के संबंध में जानकारी देते हुए ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय जानकारी ओटीपी अथवा बैंकिंग संबंधी विवरण साझा न करने की अपील की गई। पुलिस टीम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कर सकता है। समय पर शिकायत किए जाने से ठगी गई धनराशि को होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है। जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक पुलिस दूरसंचार कपिल नैथानी अपर उपनिरीक्षक पुलिस दूरसंचार हेमंत मुख्य आरक्षी रमेश कोहली मुख्य आरक्षी पुलिस दूरसंचार पंकज सिंह पीआरडी जवान सुमित कुमार एवं पीआरडी जवान हेमराज सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *