प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान के तहत कर्णप्रयाग पुलिस द्वारा यूथ फिजिकल एकेडमी कर्णप्रयाग तथा पोखरी पुलिस द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई पोखरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं एवं तकनीकी प्रशिक्षण ले रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और छोटी सी लापरवाही से होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान से बचने के उपाय बताए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने युवाओं को बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। फर्जी नौकरी लोन एवं लॉटरी का झांसा फर्जी कस्टमर केयर यूपीआई फ्रॉड अनजान नंबरों से आने वाली कॉल बल्क एसएमएस संदिग्ध लिंक एपीके फाइल तथा सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक इंस्टाग्राम और एक्स आईडी के माध्यम से ठगी की जा रही है। युवाओं को सलाह दी गई कि जल्द पैसे कमाने या नौकरी दिलाने के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध ऑफर पर भरोसा न करें। पुलिस ने विशेष रूप से युवाओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने ओटीपी पिन पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सोच-समझकर साझा करने की सलाह दी। साथ ही किसी अनजान प्रोफाइल से आए संदेश या ऑफर की सत्यता जांचे बिना कोई लेन-देन नहीं करने के लिए कहा गया। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में समय सबसे महत्वपूर्ण है। ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 पर कॉल करने से ठगी की रकम को रोकने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने एवं आवश्यक जानकारी के लिए जीआरएम पोर्टल के संबंध में भी युवाओं को जानकारी दी गई।
