Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फायर सर्विस रुद्रप्रयाग द्वारा ख्रीष्ट ज्योति अकादमी रुद्रप्रयाग में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी नीरज सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को आग से बचाव अग्निकांड की स्थिति में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों तथा अग्निशमन उपकरणों के सही प्रयोग एवं संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर फायर सर्विस कर्मियों द्वारा फायर एस्टिंग्विशर के प्रयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। छात्र-छात्राओं को आग लगने की स्थिति में अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी त्वरित प्रतिक्रिया एवं स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। फायर सर्विस टीम द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को अग्नि सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहने तथा प्राप्त जानकारी को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय परिवार को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में सूझबूझ सतर्कता एवं तत्परता के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए तैयार करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *