प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में साइबर जागरूकता माह के अंतर्गत चलाए जा रहे व्यापक जनजागरूकता अभियान के क्रम में कोटद्वार पुलिस द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज हल्दुखता में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा एवं नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों से सतर्क रहने डिजिटल सुरक्षा के उपाय अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी कॉल यूपीआई फ्रॉड फर्जी कस्टमर केयर नंबर एपीके फाइल ऑनलाइन नौकरी एवं लॉटरी का झांसा फर्जी लोन ऑफर बल्क एसएमएस तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। छात्रों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा ओटीपी यूपीआई पिन बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा साइबर अपराध की वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि परिवार समाज और भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। छात्र-छात्राओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने और अपने साथियों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने नशे से दूर रहने तथा समाज में साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
