प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जिले की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जा चुका है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावली में जनपद टिहरी में कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत थे जबकि अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़कर 4,66,638 हो गई है। इस प्रकार प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम सूची में 3,010 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। अंतिम सूची में 2,43,051 पुरुष 2,23,583 महिला तथा 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार घनसाली विधानसभा क्षेत्र में प्रारूप सूची में 85,081 मतदाता थे जो अंतिम सूची में बढ़कर 86,346 हो गए हैं। देवप्रयाग में प्रारूप सूची के 75,437 मतदाताओं के सापेक्ष अंतिम सूची में 75,801 मतदाता हैं। नरेंद्रनगर में 79,199 से बढ़कर 79,507,प्रतापनगर में 74,237 से बढ़कर 74,594,टिहरी में 66,877 से बढ़कर 67,185 तथा धनोल्टी में 82,797 से बढ़कर 83,205 मतदाता दर्ज किए गए हैं। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतियां हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी के रूप में उपलब्ध कराई गईं।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतियां संबंधित पदाभिहीत स्थलों मतदेय स्थलों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध कराई गई हैं। निर्वाचक नामावली मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली के संबंध में यदि कोई व्यक्ति निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपील कर सकता है। साथ ही निर्वाचक नामावली की निरंतर अद्यतन प्रक्रिया जारी रहेगी। 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। पात्र नागरिक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय तथा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी निर्वाचन जवाहर सिंह भाजपा से जयेंद्र सिंह पंवार कांग्रेस से गब्बर सिंह रावत नवीन सेमवाल सतीश चमोली बसपा से सुशील पाण्डेय सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
