Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में पंजीकरण से छूटे तथा पहली बार एवं युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने को लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक बूथों एवं मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ बीएलए-2 एवं बीएजी के माध्यम से पात्र मतदाताओं का सत्यापन एवं नामांकन संबंधी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर जाकर सत्यापन अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान निर्वाचन कार्मिक पात्र मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करने के साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों को आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा प्रधान सहायक बाल विकास महेश्वर भट्ट निर्वाचन से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उदयवीर बर्थवाल कनिष्ठ सहायक संजय सिंह जिला सचिव मंडल सदस्य सीपीआईएम नरेंद्र सिंह रावत कांग्रेस पार्टी नगर अध्यक्ष सुरेंद्र लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *