प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से वाहन चालकों को 150 से अधिक डस्टबिन वितरित किए। परिवहन विभाग की ओर से मंदाकिनी टैक्सी यूनियन के चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को डस्टबिन वितरित किए गए। इसके साथ ही वाहन चेकिंग के दौरान भी चालकों को डस्टबिन देकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र एस बिष्ट ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से अब तक परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग की ओर से 3,646 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। इससे 47 लाख 90 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क राजस्व अर्जित किया गया है। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग की ओर से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वाहन चालकों को डस्टबिन वितरित करने का उद्देश्य यात्रा मार्गों पर कूड़ा फैलने से रोकना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान कूड़े का उचित निस्तारण करें सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा चारधाम यात्रा को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
