Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा और पितृ पक्ष के चलते बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पितृ पक्ष के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मकपाल पहुंच रहे हैं और अपने पितरों की आत्मशांति एवं मोक्ष की कामना के साथ पिंडदान सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। पितृ पक्ष के दौरान अब तक करीब 1.50 लाख श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इससे धाम और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ी हुई है। वहीं इस वर्ष बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 19 लाख के पार पहुंच चुका है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस की ओर से यात्रा मार्ग पार्किंग स्थलों धाम क्षेत्र और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और पितृ पक्ष के दौरान ब्रह्मकपाल में होने वाले पिंडदान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इस अवधि में पुलिस अधीक्षक तीन बार बद्रीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा यातायात भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं। इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट भी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। चमोली पुलिस का प्रयास है कि आस्था के इस अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। बढ़ती भीड़ के बीच पुलिसकर्मी पूरी तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने के साथ ही ब्रह्मकपाल में पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *