Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए जनपद में जोश टीम का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने जोश टीम के सदस्यों से टीबी उन्मूलन के लिए सक्रियता के साथ कार्य करने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की मौजूदगी में नई दिल्ली से जोश टीम के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जोश टीम के सदस्य टीबी के लक्षणों जांच और उपचार को लेकर लोगों को जागरूक करें और टीबी मरीजों को समय पर उपचार दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और पूरा उपचार टीबी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने जोश टीम के सदस्यों से गांवों और समुदाय स्तर पर सक्रियता के साथ काम करने तथा अधिक से अधिक लोगों को टीबी मुक्त भारत अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि जोश टीम टीबी मुक्त भारत अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने टीम के सदस्यों से अभियान के उद्देश्यों और टीबी से बचाव की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल ने बताया कि जोश टीम के प्रमुख कार्यों में टीबी के लक्षणों की जानकारी देना समय पर जांच के लिए प्रेरित करना और टीबी मरीजों को नियमित रूप से उपचार पूरा करने में सहयोग करना शामिल है। इसके साथ ही टीबी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और गलतफहमियों को दूर करना तथा टीबी मरीजों के साथ भेदभाव न करने के लिए लोगों को जागरूक करना भी टीम की जिम्मेदारी होगी। सजीव प्रसारण कार्यक्रम के बाद जोश टीम के ब्लॉक नोडल ने माय भारत वॉलंटियर्स और एनसीसी कैडेट्स से संवाद किया। इस दौरान टीबी उन्मूलन को लेकर आगामी गतिविधियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में सभासद सुरेंद्र सिंह रावत नरेंद्र सिंह रावत रवीना देवी विनीता देवी किरन पंवार डीएचओ एवं ब्लॉक नोडल जोश टीम डॉ.दीपा तिलारा सीएमएस डॉ.एसके द्विवेदी डीटीओ डॉ.कुणाल चौधरी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.हेमा असवाल डीपीसी मुकेश बगवाड़ी डीईओ एनटीईपी सतीश नौटियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *