प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के जैव रसायन विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.मनीषा निगम को एक बार फिर विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिला है। यह सूची स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर द्वारा प्रकाशित वैज्ञानिकों के शोध प्रभाव एवं उद्धरण संबंधी आंकड़ों पर आधारित है। डॉ.निगम इससे पूर्व भी लगातार इस वैश्विक सूची में स्थान प्राप्त करती रही हैं।डॉ.निगम की यह उपलब्धि ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में उन्हें राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से भी सम्मानित किया गया है। 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा उन्हें यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।डॉ.मनीषा निगम जैव रसायन कैंसर जीवविज्ञान ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस रेडॉक्स सिग्नलिंग तथा प्राकृतिक उत्पादों से संबंधित क्षेत्रों में शोध कार्य कर रही हैं। उनके शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त वैज्ञानिक उद्धरणों और शोध प्रभाव के कारण उन्हें स्टैनफोर्ड एल्सेवियर की शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में लगातार स्थान मिला है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार और विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में पुनः चयन डॉ निगम के शिक्षण शोध एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को रेखांकित करता है। एक ही वर्ष में राष्ट्रीय स्तर के शिक्षक सम्मान के साथ वैश्विक वैज्ञानिक सूची में पुनः स्थान मिलना उनके अकादमिक योगदान की निरंतरता को दर्शाता है।डॉ.निगम की इस उपलब्धि पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षकों अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विश्वविद्यालय की ओर से इससे पूर्व भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए उनके चयन को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया था।
