Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की ओर से सामुदायिक हैजर्ड मैपिंग को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीणों के पारंपरिक ज्ञान और अनुभवों के आधार पर मानव-वन्यजीव संघर्ष के संभावित हॉटस्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें। वन्यजीव सप्ताह के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक जखोली रेंज के कोटी डांगी और सिनगाटा सहित खांकरा रेंज के पाटा बांसी और सौंड़ समेत कई संवेदनशील गांवों में सामुदायिक हैजर्ड मैपिंग की गई। इस दौरान ग्रामीणों के सहयोग से वन्यजीवों की गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई गई। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय लोगों के अनुभवों और जानकारी का उपयोग कर मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान करना है। वन्यजीव सप्ताह के दौरान वन प्रभाग की विभिन्न रेंजों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता बर्ड वाचिंग और मॉनिटरिंग उपकरणों के उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को वन्यजीव संरक्षण उनकी गतिविधियों की निगरानी और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। वन्यजीव सप्ताह का समापन 8 अक्टूबर को किया गया। इस अवसर पर डीएफओ विनीत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चोपता के मक्कू बैंड और बनियाकुंड में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से वन क्षेत्रों और आसपास के प्राकृतिक वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *