Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। नवरात्रि पर्व और त्योहारी सीजन के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति व्यापारियों को जागरूक करने के लिए 9 अक्टूबर 2026 को रुड़की के होटल दीप रेजीडेंसी में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस बैठक में व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ ही थोक विक्रेताओं वितरकों और खुदरा कारोबारियों ने भाग लिया। बैठक में उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर एस रावत ने त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कुट्टू के आटे के निर्माण विक्रय और भंडारण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही व्यापारियों की शंकाओं का मौके पर समाधान किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कुट्टू के आटे के निर्माण से लेकर विक्रय तक लेबल पर अंकित की जाने वाली आवश्यक जानकारियों और पिछली घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय दिलीप जैन और कपिल देव ने खाद्य कारोबार के लिए लाइसेंस और पंजीकरण संबंधी प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने खाद्य पदार्थों के लेबल की फॉस्कोस पोर्टल पर ऑनलाइन जांच करने की प्रक्रिया प्रवर्तन कार्रवाई और ऑनलाइन निरीक्षण की जानकारी भी दी। बैठक का संचालन भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण एफएसएसएआई के प्रशिक्षण एवं आउटरीच पार्टनर आशीष भार्गव ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि धीरसिंह रामगोपाल कसल और कवीश मित्तल उपस्थित रहे। रुड़की डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल स्नेही महामंत्री सुशील गुलाटी मुख्य सलाहकार संजीव आहूजा प्रदेश महामंत्री नितिन शर्मा और प्रवीण मेहंदीरत्ता सहित अनेक व्यापारी भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *