प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने उनके सेवा संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में सफाई कर्मचारियों के वेतन श्रम कार्ड ईपीएफ गोल्डन कार्ड स्वास्थ्य सुविधाओं सुरक्षा उपकरणों और कर्मचारी हितों से जुड़े अन्य विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग के अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न की जाए। पात्र कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी संबंधित नगर निकायों को निर्देश दिए कि मृतक सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप एक सप्ताह के भीतर सेवायोजित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। भगवत प्रसाद मकवाना ने आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार बोनस का लाभ उपलब्ध कराने तथा उनके वेतन और अन्य देयकों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कर्मचारी तक पहुंचाने के निर्देश
आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कर्मचारी तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने के लिए समाज कल्याण विभाग को अधिकाधिक शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से पात्र आश्रितों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने और उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए।
सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच पर जोर
भगवत प्रसाद मकवाना ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मलिन बस्तियों और सफाई कर्मचारियों के निवास वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण आवश्यक जांच और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि कर्मचारियों को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनका उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खुले नालों सीवर और सेफ्टी टैंकों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
आयोग के अध्यक्ष ने खुले नालों सीवर और सेफ्टी टैंकों में कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे कार्यों में लगे कर्मचारियों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार करने और आयोग को उपलब्ध कराने को कहा। इससे कर्मचारियों की पहचान के आधार पर आवश्यक सुरक्षा मानकों और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा की जाए। कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ वेतन स्वास्थ्य सुविधाओं सुरक्षा उपकरणों और अन्य निर्धारित लाभों की नियमित निगरानी की जाए। कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कर उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त और अपर जिलाधिकारी ने किया स्वागत
जनपद आगमन पर नगर आयुक्त नंदन कुमार और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना का स्वागत किया। उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों और सुझावों का अनुपालन करते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि राजेंद्र श्रमिक मनोज छांछर सुनील राजोर प्रवीण वाल्मीकि पूनम वाल्मीकि और सुशील वाल्मीकि सहित एसपी सिटी दीपक सिंह नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल जिले के नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी संबंधित विभागों के कर्मचारी तथा सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
