प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस ने 28 नवंबर 2026 की रात्रि को जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के दौरान जनपद की सभी पांच कोतवालियों के प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों तथा अधीनस्थ चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों होटल ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग एवं निगरानी की। अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही होटल और ढाबों में भी चेकिंग की गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना तेज गति से वाहन दौड़ाना और यातायात नियमों की अनदेखी करना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बन सकते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे। रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। होटल ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों पर शांति और मर्यादा बनाए रखें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
