प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की ओर से सोमवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पनीर सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए लिए गए। वहीं एक रेस्टोरेंट में खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किए गए और एक प्रतिष्ठान में मिला लगभग 12 किलोग्राम खुला कुट्टू का आटा मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं खाद्य संरक्षण सरकार तथा औषधि प्रशासन उत्तराखंड के विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार के सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने ज्वालापुर के पुल जटवाड़ा क्षेत्र में पनीर की आपूर्ति करने वाले एक वाहन को रोककर उसमें से पनीर का एक विधिक नमूना प्रयोगशाला में जांच के लिए लिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनाज मंडी ज्वालापुर स्थित मौ.हुसैन ट्रेडर्स का निरीक्षण कर सरसों के तेल का नमूना लिया। ऊंचा पुल स्थित स्किर रेस्टोरेंट मैसर्स मिष्टी अरोमा से मूंगफली की गिरी का नमूना भी जांच के लिए एकत्र किया गया। निरीक्षण के दौरान मिष्टी अरोमा रेस्टोरेंट में खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। इस पर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी किए गए। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवानपुर पवन कुमार ने भगवानपुर मुख्य बाजार क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू का आटा सिंघाड़े का आटा वनस्पति घी और सेंधा नमक सहित कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में लगभग 12 किलोग्राम खुला कुट्टू का आटा पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे तत्काल मौके पर ही नष्ट करवा दिया। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
