Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिला उद्योग केंद्र हरिद्वार के तत्वावधान में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के अंतर्गत सोमवार को सिडकुल स्थित मैसर्स प्योर एंड केयर हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने उद्यमियों औद्योगिक संगठनों तथा विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों के स्टार्टअप और नवाचार आधारित विचार आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं औद्योगिक संगठनों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। मंत्री ने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने अपने स्टार्टअप नवाचार आधारित विचारों और उद्यमशीलता से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने मंत्री भरत सिंह चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र के समक्ष अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए। इन विचारों के माध्यम से उन्होंने भविष्य में स्वरोजगार और रोजगार सृजन की संभावनाओं को प्रदर्शित किया। मंत्री और मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रयासों रचनात्मक सोच तथा नवाचार के प्रति उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को आगे बढ़ाने और भविष्य में सफल उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कम उम्र से ही विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही उद्योग जगत और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की उपस्थिति में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत स्वरोजगार और स्थानीय उद्यमिता से जुड़े उद्यमियों का मंत्री से परिचय कराया गया। इस दौरान क्लाउड किचन मशरूम उत्पादन मुर्गी पालन सॉफ्ट टॉय निर्माण और हस्तशिल्प निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे उद्यमियों ने प्रतिभाग किया। उद्यमियों ने अपने कार्यों उपलब्धियों और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक विकास से जुड़ी समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। इनमें लघु उद्योग भारती रुड़की नगर के जिलाध्यक्ष केतन भारद्वाज लघु उद्योग भारती सिडकुल के जिलाध्यक्ष मनोज गौतम लघु उद्योग भारती भगवानपुर के जिलाध्यक्ष प्रवीण गर्ग रुड़की स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश मित्तल सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.हरेंद्र गर्ग एवं पंकज गर्ग सिडकुल एंटरप्रेन्योर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हिमेश कपूर और आयुष एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.मोहिंदर आहूजा सहित अन्य औद्योगिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। औद्योगिक प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलापूर्ति सड़क और विद्युत जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इसके साथ ही एमएसएमई नीति-2023 के अंतर्गत अनुमन्य सब्सिडी और प्रोत्साहन राशि का लाभ प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों तथा भूमि क्रय से संबंधित लंबित प्रकरणों पर भी मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने उद्योगों के विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के संबंध में अपने सुझाव दिए। मंत्री भरत सिंह चौधरी ने औद्योगिक प्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि उद्योग संगठनों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विषयों पर नियमानुसार और नीतिगत स्तर पर विचार किया जाएगा। समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंत्री ने जिले में स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही महिलाओं को प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान कृष्णायन गौशाला में आत्मानंद जी महाराज महाराज स्वामी अनंतानंद अकम्स प्योर एंड केयर हेल्थकेयर के सीईओ मनन जैन प्रबंधक उद्योग चन्द्र मोहन क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल कमल किशोर खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल सहायक प्रबंधक उद्योग दिनेश चन्द्र आर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न महिला समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *