Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल ने टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया। इस दौरान चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को तेज गति से वाहन चलाने और शराब अथवा नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने और गलत दिशा में वाहन चलाने के साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने से होने वाले हादसों के प्रति भी सचेत किया गया। इसके अलावा वाहन के आवश्यक दस्तावेजों के साथ ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट की वैधता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। चालकों को वाहन की फिटनेस और बीमा की वैधता बनाए रखने तथा नियमित जांच और रखरखाव करने के लिए भी प्रेरित किया गया। पहाड़ी जनपद चमोली में सड़क मार्गों की संवेदनशीलता को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। उन्हें मोड़ों पर गति नियंत्रित रखने और ओवरटेकिंग के दौरान सतर्कता बरतने के साथ सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। मौसम और सड़क की परिस्थितियों के अनुरूप वाहन चलाने पर भी जोर दिया गया। चालकों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने की हिदायत दी गई। साथ ही थकान की स्थिति में वाहन चलाने से बचने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के महत्व की जानकारी भी दी गई। यातायात निरीक्षक ने गोल्डन ऑवर यानी दुर्घटना के बाद के शुरुआती महत्वपूर्ण समय में घायल व्यक्ति को उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने और आपात स्थिति में पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना देने के महत्व के बारे में भी बताया गया। इसके साथ ही आमजन को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए प्रोत्साहित करने वाली राह-वीर योजना यानी गुड सेमेरिटन योजना की जानकारी दी गई। दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार से संबंधित सरकारी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया। चमोली पुलिस ने वाहन चालकों और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से यातायात नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। पुलिस ने सुरक्षित सफर के लिए जिम्मेदारी से वाहन चलाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग देने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *