Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा आमजन और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए लगातार जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज जाखी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के साथ महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी और फर्जी लिंक के माध्यम से होने वाले अपराधों के बारे में बताया गया। पुलिस ने ओटीपी के जरिए धोखाधड़ी सोशल मीडिया खातों की हैकिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय समझाए। विद्यार्थियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन मिलने वाले प्रलोभनों से सावधान रहने के लिए प्रेरित किया गया। महिला सुरक्षा के विषय में छात्र-छात्राओं को महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने की सीख दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। यातायात नियमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें यातायात संकेतों का पालन करने और नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। विद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों ने टिहरी पुलिस की इस पहल की सराहना की। टिहरी पुलिस ने आमजन और विद्यार्थियों से सतर्क रहने तथा सुरक्षित रहने की अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध सहित किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में समय पर पुलिस की सहायता लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *