प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों और सीआईयू टीम के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में फरार आरोपियों और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी लेते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान एसएसपी ने फरार और इनामी अपराधियों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तेजी से प्रयास किए जाएं और उनके संभावित ठिकानों तथा संपर्कों के संबंध में वैधानिक माध्यमों से जानकारी जुटाई जाए। साथ ही गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने समस्त क्षेत्राधिकारियों को गिरफ्तारी के प्रयासों की लगातार निगरानी करने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। टिहरी गढ़वाल पुलिस अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
