Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर की 12 वर्षीय तीरंदाज सनाया भंडारी माही ने टिहरी गढ़वाल में आयोजित नौवीं सीनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सनाया का चयन नवंबर में मेघालय के शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इतनी कम उम्र में सीनियर वर्ग के अनुभवी खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए तीन पदक जीतना उनकी मेहनत और निशानेबाजी कौशल को दर्शाता है। टिहरी गढ़वाल में आयोजित राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में करीब 130 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पुलिस और सेना सहित चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ियों और विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अनुभवी खिलाड़ियों के बीच सनाया ने सटीक निशानेबाजी करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने रैंकिंग स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इस मुकाबले में उन्होंने अल्मोड़ा की एक डॉक्टर खिलाड़ी को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक और मिक्स टीम मुकाबले में रजत पदक अपने नाम किया। सनाया की इस सफलता के पीछे उनके कोच कुलदीप बिष्ट का मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण अहम रहा है। अभ्यास के दौरान तकनीक में सुधार और प्रतियोगिताओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया। कोच के मार्गदर्शन में सनाया ने अपनी निशानेबाजी को निखारा और कम उम्र में सीनियर वर्ग की चुनौती का सामना करते हुए तीन पदक हासिल किए। उनकी यह उपलब्धि मेहनत नियमित अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण के तालमेल का परिणाम है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद सनाया अब नवंबर में शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह देहरादून के सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। इससे पहले भी वह राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं। हाल ही में आयोजित सीबीएसई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में सनाया ने 30 मीटर इंडियन राउंड की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप के अंडर-14 वर्ग में उन्होंने दो स्वर्ण पदक हासिल किए थे। जून 2025 में नैनीताल में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता था। इसके अलावा मार्च 2025 में आंध्र प्रदेश और नवंबर 2025 में अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी वह प्रतिभाग कर चुकी हैं। सनाया की उपलब्धियों में उनके माता-पिता का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है। उनकी माता आरती भंडारी श्रीनगर नगर निगम की महापौर हैं जबकि पिता लखपत सिंह भंडारी पूर्व जिला पंचायत सदस्य और श्रीनगर के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हैं। सार्वजनिक जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों के बीच आरती भंडारी बेटी की खेल गतिविधियों और उसके सपनों को पूरा करने के लिए समय निकालती हैं। वहीं लखपत सिंह भंडारी भी बेटी को आगे बढ़ने और खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए लगातार प्रोत्साहित करते हैं। माता-पिता के सहयोग और कोच कुलदीप बिष्ट के मार्गदर्शन में सनाया लगातार सफलता की ओर बढ़ रही हैं। महज 12 वर्ष की उम्र में सीनियर वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उनकी खेल यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब उनकी निगाहें शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं जहां वह बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने के लक्ष्य के साथ उतरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *