प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने रविवार 18 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार स्थित डामकोठी में कुंभ मेला और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में आगामी कुंभ मेले के लिए पर्यावरण मित्रों की भर्ती और मानदेय में वृद्धि के साथ आवास एवं खान-पान की व्यवस्था मृतक आश्रितों को शैक्षिक योग्यता के अनुरूप नियुक्ति और ठेका कर्मचारियों को समय पर वेतन दिए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संतोष गौरव ने मेला अधिकारी को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाए। साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि दिसंबर में प्रस्तावित पर्यावरण मित्रों की भर्ती से पहले कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है ताकि भर्ती प्रक्रिया से पहले उनकी मांगों पर उचित निर्णय लिया जा सके। बैठक में पर्यावरण मित्रों के मानदेय का मुद्दा प्रमुखता से उठा। संतोष गौरव ने कहा कि कुंभ मेले में पर्यावरण मित्रों को प्रस्तावित 500 रुपये प्रतिदिन के मानदेय पर दूरदराज के क्षेत्रों से आकर काम करना कठिन होगा। ऐसे में उनके मानदेय में वृद्धि करने के साथ आने-जाने के किराये की व्यवस्था पर भी विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों के लिए उचित आवास और खान-पान की सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पर्यावरण मित्रों के मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है। बैठक में मृतक आश्रितों की नियुक्ति का विषय भी उठाया गया। उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने कहा कि कुछ मामलों में इंटरमीडिएट और स्नातक तक शिक्षित अभ्यर्थियों को पर्यावरण मित्र के पद पर नियुक्त किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों की जांच करने और शासनादेश के अनुरूप संबंधित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार लिपिक पद पर नियुक्ति देने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार उचित अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त बैठक में ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने की समस्या पर भी चर्चा की गई। संतोष गौरव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों का वेतन समय से दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और उनके हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए। बैठक में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के साथ पर्यावरण मित्रों की भर्ती से पहले उनकी कार्य परिस्थितियों और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से कर्मचारियों की मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
