Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस परिवार में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब कोतवाली झबरेड़ा में तैनात कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 19 अक्टूबर 2026 को कोतवाली झबरेड़ा से ड्यूटी के लिए चौकी इकबालपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सैदाबाद के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल चिकित्सालय रुड़की लाया गया जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार के निधन से हरिद्वार पुलिस परिवार में शोक व्याप्त है। इस दुखद घटना पर हरिद्वार पुलिस ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मंगलवार 20 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार और अन्य पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने परिजनों की उपस्थिति में दिवंगत कांस्टेबल चालक को ससम्मान शोक सलामी दी। इसके बाद पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के रहने वाले थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में निवास कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हरिद्वार पुलिस ने इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत कांस्टेबल चालक को श्रद्धांजलि अर्पित की। ॐ शांति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *